फरीदाबाद, 24 सितंबर 2026
“सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत वी वाक फाउंडेशन एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में रेडक्रॉस ऑडिटोरियम, सेक्टर-12, फरीदाबाद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान देना तथा आमजन को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में फरीदाबाद की महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वस्थ नागरिकों से आगे बढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, फरीदाबाद के अध्यक्ष श्री पंकज पूनम रामपाल तथा महामंत्री श्री चौधरी प्रवीण गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और युवाओं सहित आमजन को सामाजिक एवं मानवीय सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के सफल आयोजन में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद के सचिव श्री बिजेंद्र सोरोत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविरों एवं विभिन्न मानवीय सेवा गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जाता है। उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
वी वाक फाउंडेशन की अध्यक्षा एवं भाजपा नेत्री श्रीमती सौभाग्य लक्ष्मी ने शिविर के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन क
रते हुए लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। वहीं वी वाक फाउंडेशन के ट्रस्टी श्री पार्थसारथी ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों की जानकारी साझा करते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता और समाजहित के कार्यों में निरंतर योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद के उप अधीक्षक श्री पुरूषोत्तम सैनी ने शिविर के सुव्यवस्थित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उपस्थित लोगों को रेडक्रॉस सोसाइटी की मानवीय सेवाओं, प्राथमिक चिकित्सा तथा स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक किया और रक्तदान को मानव जीवन बचाने वाली महत्वपूर्ण सेवा बताया।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज के अन्य लोगों को भी इस मानवीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन में रेखा मिश्रा आई टी डिपार्टमेंट, लायंस क्लब के अध्यक्ष योगेंद्र तेवतिया,सुशील कुमार, धर्मेंद्र, अमर, सुगम, मधु भाटिया, रोहताश, सोनिका, कमलेश, रामकिशोर, सुमित, युवराज, अमनदीप, जगन्नाथ, नेहा गर्ग, सीमा भारद्वाज, अरुणिमा सिंह, पंकज गर्ग, सचिन शर्मा, चित्रा शर्मा एवं स्नेहलता सहित जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के समस्त स्टाफ का सक्रिय, सराहनीय एवं पूर्ण सहयोग रहा। सभी ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए रक्तदान शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
फरीदाबाद 24 सितंबर - नेहरू कॉलोनी बचाओ संघर्ष समिति ने
निगम प्रशासन द्वारा 29 मई को कालोनी में तोड़े गए मकानों का मुआवजा और पुनर्वास की मांग को लेकर आज व्यक्तिगत तौर पर निगम कार्यालय में प्रतिवेदन जमा किए। यह जानकारी चैयरमेन बिजेंद्र और कन्वीनर वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने दी। इस मौके पर कमेटी की सदस्या देवकी देवी, शकुंतला, सदस्य नरेशकुमार , राकेश कुमार, रंगलाल, शारदा, और महेंद्र आदि भी उपस्थित रहे। संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि कल भी प्रतिवेदन जमा करे जाएंगे। क्योंकि 27 जुलाई को संघर्ष समिति ने जॉइंट कमिश्नर को 93 लोगों की सूची सौंपी थी। दो माह का समय व्यतीत होने को जा रहा है। लेकिन इस दस्तावेज पर कोई कार्रवाई निगम प्रशासन ने नहीं की। जबकि 24 जून को तत्कालीन कमिश्नर धीरेंद्र खड़घटा ने संघर्ष समिति के सदस्यों को विश्वास दिलाया था। कि जिन लोगों के मकान टूटे गए हैं। उनका पुनर्वास किया जायेगा। और उन्हें मुआवजा देने पर भी सहमति हुई थी। इसके साथ-साथ नेहरू कॉलोनी में जल आपूर्ति बहाल करने पर भी सिद्धांत रूप में समझौता हुआ था। लेकिन अभी तक वहां के निवासियों को पीने का पानी मुहैया नहीं हो रहा है। लोग टैंकरों से पानी खरीद कर अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। नेहरू कॉलोनी बचाओ संघर्ष समिति की सदस्या देवकी, और शकुंतला ने बताया कि प्रशासन ने 29 मई की आधी रात को कॉलोनी में तोड़फोड़ की कार्यवाही की थी। तब पुलिस ने मकान मालिकों को सामान निकालने तक का समय भी नहीं दिया । निगम के बुलडोजरों और जेसीबी ने कुछ ही पलों में बेहद गरीब लोगों की गाड़ी कमाई से निर्मित मकानों को धराशाई कर दिया। सैकड़ो लोगों ने बारिश में भीग कर अपना समय बिताया है। अब सर्दी आने वाली है। लेकिन लोगों का पुनर्वास सुनिश्चित नहीं हो रहा है।
फरीदाबाद। वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस की AVTS सिकरोना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले तीन गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है इसके अलावा अन्य कुछ आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकार टीम ने सितंबर माह में 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 चोरीशुदा वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में एक रॉयल एनफील्ड बुलेट और 19 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
हरियाणा में नई विनिर्माण इकाइयां लगाने और मौजूदा एमएसएमई के विस्तार की प्रक्रिया अब तय समयसीमा के भीतर पूरी करनी होगी। राज्य सरकार ने हरियाणा राइट टू बिजनेस एक्ट-2026 लागू कर दिया है। इसके तहत पात्र एमएसएमई को शुरुआती स्तर पर इन-प्रिंसिपल अप्रूवल देने के लिए जिला और राज्य स्तर पर स्पष्ट समयसीमा तय की गई है। निर्धारित अवधि में निर्णय नहीं होने पर आवेदन स्वत: अगले स्तर पर जाएगा और अंततः डीम्ड अप्रूवल का प्रावधान लागू होगा।
नई व्यवस्था के तहत जिला स्तर पर आवेदन पर 15 कार्यदिवस में फैसला करना होगा। इस अवधि में मंजूरी या अस्वीकृति नहीं होने पर आवेदन स्वत: राज्य स्तर पर चला जाएगा। राज्य स्तर पर संबंधित अधिकारी को अगले 10 कार्यदिवस में निर्णय करना होगा। यहां भी समयसीमा में फैसला नहीं हुआ तो इन-प्रिंसिपल अप्रूवल स्वत: मंजूर माना जाएगा। इस तरह सामान्य स्थिति में आवेदन पर अधिकतम 25 कार्यदिवस में निर्णय सुनिश्चित किया गया है।
इस व्यवस्था का लाभ हर कारोबार को नहीं मिलेगा। यह सुविधा उन पंजीकृत एमएसएमई को दी जाएगी जो नई विनिर्माण इकाई स्थापित करना चाहते हैं या मौजूदा विनिर्माण इकाई का विस्तार करना चाहते हैं। संबंधित इकाई का केंद्र सरकार के उद्यम पोर्टल पर पंजीकृत होना जरूरी होगा। उद्यमी को सबसे पहले जिला नोडल एजेंसी के समक्ष डिक्लेरेशन ऑफ इंटेंट देना होगा। इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जिला नोडल एजेंसी को 15 कार्यदिवस में इन-प्रिंसिपल अप्रूवल जारी करना होगा या आवेदन अस्वीकार करना होगा। यदि 15 कार्यदिवस में कोई निर्णय नहीं होता तो आवेदन स्वत: हरियाणा एंटरप्राइजेज प्रमोशन सेंटर के डिप्टी चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के पास राज्य स्तर पर पहुंच जाएगा। वहां 10 कार्यदिवस में निर्णय जरूरी होगा। इस अवधि में भी फैसला नहीं होने पर आवेदन को डीम्ड अप्रूवल प्राप्त माना जाएगा। डीम्ड अप्रूवल के बाद जिला नोडल एजेंसी को तीन दिन के भीतर प्रमाणपत्र जारी करना होगा।
बल्लभगढ़ स्थित आदर्श नगर में मलेरना रोड की एक गली में मारपीट और पथराव का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
इसमें बड़ी संख्या में युवक एक वर्कशॉप के बाहर दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि युवकों ने बंद शटर पर पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला किया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव किया गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित गजेंद्र किराने की दुकान पर सामान लेने गया था। वहां पहले से मौजूद एक युवक के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया।
महाराष्ट्र मित्र मंडल द्वारा आयोजित सार्वजनिक गणेशोत्सव के अंतर्गत मंगलवार, 23 सितम्बर को गांधी कॉलोनी स्थित गणेश पार्क में प्रसिद्ध जादूगर सी.पी. यादव द्वारा शानदार एवं रोमांचक जादू कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में गांधी कॉलोनी के निवासियों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। दर्शकों का उत्साह और कार्यक्रम के प्रति आकर्षण देखने योग्य था।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक डिस्को मैजिक शो से हुई, जिसमें लगभग 30 मिनट तक लगातार विभिन्न प्रकार के हैरतअंगेज जादू प्रस्तुत किए गए। जादूगर की अद्भुत कलाकारी, तेज गति और मनोरंजक अंदाज ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर जादुई प्रस्तुति के बाद दर्शकों की जोरदार तालियों ने पूरे परिसर को उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान जादूगर ने दर्शकों में से एक बालिका को मंच पर आमंत्रित कर तीन रहस्यमयी लिफाफों में से एक चुनने के लिए कहा। लिफाफों में विभिन्न आकर्षक पुरस्कारों के प्रतीक रखे गए थे, जिनमें बैंक चेक, मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी तथा चॉकलेट शामिल थीं। संयोगवश बालिका ने चॉकलेट वाला लिफाफा चुना, जिससे उपस्थित दर्शकों के बीच उत्सुकता और मनोरंजन का वातावरण बन गया।
इसके पश्चात जादूगर सी.पी. यादव ने अपने अनेक चमत्कारिक खेलों से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। विशेष रूप से पैसों की बारिश वाला जादुई प्रदर्शन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। देखते ही देखते मंच पर नोटों की वर्षा जैसी प्रतीति ने सभी को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा वस्तुओं को अचानक प्रकट करना, गायब करना तथा दर्शकों की कल्पना से परे कई रोचक जादुई करतब प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखकर बच्चे और बड़े समान रूप से उत्साहित नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट लगातार सुनाई देती रही।
जादू कार्यक्रम ने न केवल मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि बच्चों में जिज्ञासा, कल्पना शक्ति और रचनात्मक सोच को भी प्रेरित किया। जादूगर की शानदार प्रस्तुति एवं मंच संचालन ने गणेश उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एक विशेष आकर्षण जोड़ दिया।
कार्यक्रम के समापन पर मंडल के अध्यक्ष राजेन्द्र पांचाल, उपाध्यक्ष प्रवीण राठोड़, विलास पांचाल, रविन्द्र, ओमप्रकाश शिंदे, सचिन शिंदे एवं तेजस द्वारा जादूगर सी.पी. यादव को स्मृति चिन्ह एवं मंडल की स्मारिका भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित दर्शकों ने इस मनोरंजक और यादगार प्रस्तुति की सराहना करते हुए महाराष्ट्र मित्र मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की प्रशंसा की।
फरीदाबाद में दिनांक 27 सितंबर 2026 (रविवार) को सूरजकुंड मेला ग्राउंड से फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें करीब 1.27 लाख प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है। मैराथन के सफल एवं सुरक्षित आयोजन तथा प्रतिभागियों एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा दिनांक 27 सितंबर 2026 को प्रातः 03:00 बजे से 11:00 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। मैराथन के निर्धारित रूट एवं उससे जुड़े मार्गों पर इस अवधि के दौरान सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रमुख चौराहों, कट एवं मोड़ पर यातायात नाके एवं बैरिकेडिंग की जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
फरीदाबाद में आईएमटी क्षेत्र के गांव सोतई में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों को बुधवार शाम पुलिस ने मौके से हटा दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और किसानों के बीच खींचतान हुई।
किसानों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है। वहीं प्रशासन ने लाठीचार्ज से इनकार किया है। अधिकारियों के अनुसार किसानों को बस में बैठाकर मौके से हटाया जा रहा था, इसी दौरान हुई खींचतान में कुछ लोगों को चोट लगी।
किसानों का कहना है कि वे पिछले 33 दिनों से मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। उनका आरोप है कि जमीन पर उनका कब्जा है और वे लंबे समय से यहां खेती करते आ रहे हैं। किसानों की मांग है कि पहले उन्हें जमीन का मुआवजा दिया जाए, इसके बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए।
किसानों के अनुसार मंगलवार को पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और धरना समाप्त करने को कहा। किसानों के विरोध करने पर उन्हें वहां से हटाया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया, जिसमें कई किसान घायल हुए। उपलब्ध रिपोर्टों में घायलों की संख्या अलग-अलग बताई गई है। एक रिपोर्ट में 7 किसानों के चोटिल होने की बात कही गई है।
बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज ने लाठीचार्ज से इनकार किया है। उनका कहना है कि किसानों को बस में बैठाकर वहां से हटाया जा रहा था और इसी दौरान खींचतान हुई। कार्रवाई के दौरान करीब 20 किसानों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
बुधवार को सोतई में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। एनएचएआई की ओर से करीब 680 मीटर जमीन पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। जमीन के मुआवजे और मालिकाना हक से जुड़ा विवाद किसानों तथा प्रशासन के बीच पहले से चल रहा है।
फरीदाबाद: जुआ खेलने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिसके चलते 22 सितम्बर को अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने गांव दयालपुर के खेतो में बनें घर में जुआ खेल रहे 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनसे 2,18,500/-रूपये जुआ की राशी बरामद की गई है।










