HEADLINES


More

by : pramod goyal

 शुक्रवार को लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुग्राम में बड़ा हादसा हो गया। DLF फेज-2 स्थित वसंत वैली स्कूल की दीवार गिरने से दयानंद (45) और सूरज (35) की मौत हो गई। दोनों उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर के रहने वाले थे और स्कूल में दीवार की मरम्मत का काम करने आए थे।

दयानंद का तलाक हो चुका है। उसका एक बेटा है। सूरज के दो बच्चे हैं। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर इनके परिजनों को सूचना दे दी है।

गुरुग्राम के अलावा रेवाड़ी, फरीदाबाद, भिवानी, पानीपत, नारनौल, हांसी, महेंद्रगढ़, नूंह, रोहतक और सोनीपत समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई।

फरीदाबाद की सब्जी मंडी में जलभराव होने से किसानों और आढ़तियों को बारिश के पानी के बीच आवाजाही करनी पड़ी। वहीं, रेवाड़ी की पुरानी सब्जी मंडी में जलभराव के दौरान एक स्कूटी गड्ढे में पलट गई, जिससे स्कूटी सवार युवक और उसके साथ मौजूद बच्चा पानी में ही गिर गए।


by : pramod goyal

 हरियाणा में मौसम विभाग ने दो दिन तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार सुबह से लेकर दोपहर तक छह जिलों यमुनानगर, पंचकूला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार और भिवानी में तेज बारिश हुई।

साढ़े 12 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, अगले तीन घंटों यानि साढ़े 4 बजे तक प्रदेश के 3 जिलों झज्जर, बहादुरगढ़, रोहतक में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा सोनीपत, भिवानी, चरखी दादरी में मध्यम और हिसार, फतेहाबाद, जींद, हांसी, महेंद्रगढ़, नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में हल्की बारिश हो सकती है।

उधर, बारिश की वजह से गुरुग्राम और फरीदाबाद में घटनाएं भी देखने को मिलीं। गुरुग्राम में जहां मुख्य मार्ग पर रोड दो-दो फीट तक भारी भर गया, वहीं फरीदाबाद के NIT-86 इलाके में भी सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया, जिसमें एक ऑटो पलट गया। ड्राइवर ने पानी में कूदकर जान बचाई।

इसके अलावा फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में मॉडर्न तक्षशिला स्कूल के पास भरे पानी में ट्यूबवेल से करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से दो कुत्ते ओर एक बछड़े की मौत हो गई। पता चलने पर लोगों ने बिजलीघर कॉल कर सप्लाई बंद कराई।


by : pramod goyal

 हरियाणा के 7 जिलों में लगातार तीसने दिन बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, फरीदाबाद, कैथल और पंचकूला


में बारिश हुई। फरीदाबाद में तो भारी बारिश से खेड़ी पुल धंस गया और वन-वे ट्रैफिक करना पड़ा।

फरीदाबाद के ही बल्लभगढ़ में सुबह से लगातार हुई बारिश से बस-अड्डे में पानी भर गया। अड्डे की छत से भी पानी टपकने लगा। इस दौरान यात्रियों को कई-कई किलोमीटर पानी से होकर गुजरना पड़ा। गुरुग्राम में भी रुक-रुककर बारिश हो रही है। मंगलवार को हुई बारिश से शहर में एक नेशनल हाईवे भी धंस गया था।

उधर, मौसम विभाग ने 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 शहरों (करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद) में सीजन में पहली बार ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।

वहीं, प्रदेश के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र में बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में करीब 5 डिग्री तक की गिरावट आई है।

by : pramod goyal

 हरियाणा में मानसून के प्रवेश करते ही 18 जिलों में झमाझम बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक 56.2 मिमी बारिश हिसार में रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली और दिन-रात के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

वीरवार को राजस्थान से सटे पश्चिमी हिस्सों के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश हरियाणा में मानसून की प्रभावी एंट्री देखने को मिली। सुबह से ही कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में मानसून की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तरी पर्वतीय

क्षेत्रों पर सक्रिय नए पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने नए लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी मानसूनी हवाओं तथा पछुआ हवाओं के मिलन ने मौसम में बड़ा बदलाव किया है। इसके प्रभाव से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी हरियाणा के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश में 2 जुलाई को मानसून की एंट्री हो चुकी है और अगले दो दिनों में पूरा हरियाणा मानसून की चपेट में आ जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार हिसार, अंबाला, करनाल, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी, फतेहाबाद, कैथल, महेंद्रगढ़, पलवल और सोनीपत सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। इसके कारण प्रदेश के दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे आ गए हैं।
by : pramod goyal

 हरियाणा में मानसून अगले 48 घंटों में एंट्री करेगा। मंगलवार दोपहर मानसून देहरादून और हिमाचल के मंडी तक पहुंच गया। आज मानसून से पहले अंबाला और यमुनानगर में बारिश हुई। पंचकूला में भी दोपहर बाद बादल छाए रहे।

बंगाल की खाड़ी से आ रही मानसूनी हवाएं सबसे पहले यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करेंगी। इसके बाद करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत होते हुए दिल्ली-एनसीआर और दक्षिणी हरियाणा (गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल) को कवर करेगा।

मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के भीतर हरियाणा के अधिकतर इलाकों में मानसूनी बारिश की संभावना जताई है। वहीं सोमवार को प्रदेश के 11 शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा।


by : pramod goyal

 मानसून 12 दिन की देरी के बाद मंगलवार को मुबंई पहुंच गया है। आमतौर पर मानसून 11 जून तक मुंबई पहुंच जाता है। मानसून के पहुंचते ही शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम मानसून तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया है। अगले 2-3 दिनों में गुजरात और मध्य प्रदेश में पहुंच सकता है। इसके बाद 3-4 दिनों में उत्तर प्रदेश में भी एंट्री होगी।

इधर, मध्य प्रदेश के 17 जिलों में सोमवार को बारिश हुई। छतरपुर में बिजली गिरने से दो लड़कियां झुलस गईं। इनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, पंजाब के अमृतसर में आंधी से पेड़ गिरने से बच्चे की जान चली गई।

उत्तर प्रदेश के 6 शहरों में सोमवार दोपहर बाद बारिश हुई। बस्ती में आंधी-बारिश की वजह से पेड़-पोल उखड़ गए। एक पेड़ कार पर गिरा। सड़क पर पोल गिरने से ट्रैफिक जाम हो गया।


by : pramod goyal

 लगातार दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से वीरवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। सिरसा जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 19-20 को भी प्री मानसून की गतिविधियों में आंधी- बारिश के आसार हैं। 21 जून को मौसम साफ रहने के बाद 22-23 को भी बारिश के आसार बन रहे हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में हरियाणा में मानसून की इंट्री संभावित है। हिसार ,अंबाला, चरखी-दादरी में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 22 जून तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है जिसमें 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं।



मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा ,एनसीआर में लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है। लगातार प्री मानसून गतिविधियां जारी है जिसकी वजह से संपूर्ण इलाके में दिन और रात के तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है । पश्चिमी विक्षोभ का असर हरियाणा के उत्तरी जिलों पंचकूला ,अंबाला ,यमुनानगर, कुरुक्षेत्र , पश्चिमी हिस्सों सिरसा ,फतेहाबाद, हिसार ,भिवानी, चरखी -दादरी ,महेंद्रगढ़ ,झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम में आंधी के साथ बारिश हुई।