शुक्रवार को लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुग्राम में बड़ा हादसा हो गया। DLF फेज-2 स्थित वसंत वैली स्कूल की दीवार गिरने से दयानंद (45) और सूरज (35) की मौत हो गई। दोनों उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर के रहने वाले थे और स्कूल में दीवार की मरम्मत का काम करने आए थे।
दयानंद का तलाक हो चुका है। उसका एक बेटा है। सूरज के दो बच्चे हैं। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर इनके परिजनों को सूचना दे दी है।
गुरुग्राम के अलावा रेवाड़ी, फरीदाबाद, भिवानी, पानीपत, नारनौल, हांसी, महेंद्रगढ़, नूंह, रोहतक और सोनीपत समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई।
फरीदाबाद की सब्जी मंडी में जलभराव होने से किसानों और आढ़तियों को बारिश के पानी के बीच आवाजाही करनी पड़ी। वहीं, रेवाड़ी की पुरानी सब्जी मंडी में जलभराव के दौरान एक स्कूटी गड्ढे में पलट गई, जिससे स्कूटी सवार युवक और उसके साथ मौजूद बच्चा पानी में ही गिर गए।

No comments :