हरियाणा के 7 जिलों में लगातार तीसने दिन बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, फरीदाबाद, कैथल और पंचकूला
में बारिश हुई। फरीदाबाद में तो भारी बारिश से खेड़ी पुल धंस गया और वन-वे ट्रैफिक करना पड़ा।
फरीदाबाद के ही बल्लभगढ़ में सुबह से लगातार हुई बारिश से बस-अड्डे में पानी भर गया। अड्डे की छत से भी पानी टपकने लगा। इस दौरान यात्रियों को कई-कई किलोमीटर पानी से होकर गुजरना पड़ा। गुरुग्राम में भी रुक-रुककर बारिश हो रही है। मंगलवार को हुई बारिश से शहर में एक नेशनल हाईवे भी धंस गया था।
उधर, मौसम विभाग ने 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 शहरों (करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद) में सीजन में पहली बार ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
वहीं, प्रदेश के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र में बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में करीब 5 डिग्री तक की गिरावट आई है।

No comments :