गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर कार सवार फैमिली को बूम बैरियर से पीटने का भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कड़ा संज्ञान लिया है।
मंगलवार को एनएचएआई ने टोल संचालन करने वाली कांट्रेक्ट कंपनी मेसर्स रिद्धि सिद्धि एसोसिएट्स पर लापरवाही और कर्मचारियों के हिंसक व्यवहार के लिए ₹15 लाख का भारी जुर्माना लगाया है। साथ ही कंपनी को ‘शो कॉज नोटिस’ जारी कर पूछा- क्यों न आपको ब्लैकलिस्ट कर दिया जाए।
सोमवार को इस मामले का वीडियो सामने आया था, जिसमें टोल कर्मी परिवार के दो पुरुषों और एक महिला को बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे थे। परिवार के सदस्य बचने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन कर्मचारी उन पर बूम बैरियर से लगातार वार करते रहे।
दिल्ली की कापसहेड़ा थाना पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने टोल प्लाजा पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है।
एनएचएआई की तरफ से जारी नोटिस में बताया गया कि बिजवासन टोल प्लाजा पर हुई यह घटना पांच नवंबर की है। विवाद की शुरुआत ब्लैकलिस्टेड फास्टैग से टोल शुल्क के भुगतान करने को लेकर हुआ। यही विवाद बाद में टोल प्लाजा के कर्मचारियों के साथ हाथापाई में बदल गया।

No comments :