फरीदाबाद के सेक्टर-8 थाने के मालखाने से 32 लाइसेंसी हथियार चोरी होने के मामले में हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने गंभीर चिंता जताई है। आयोग ने इसे सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बताते हुए प्रदेश के सभी पुलिस थानों के मालखानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने सवाल उठाया कि पुलिस विभाग का नियमित कर्मचारी नहीं होने के बावजूद एक ITI अप्रेंटिस को मालखाने तक पहुंच कैसे मिली। मामले में पुलिस 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुए सभी हथियार बरामद करने की बात कह चुकी है। 6 अगस्त 2026 को कोर्ट में चालान भी पेश किया जा चुका है।
आयोग ने डीजीपी से प्रदेशभर में मालखानों की सुरक्षा, अप्रेंटिस और गैर-नियमित कर्मचारियों की पहुंच तथा निगरानी व्यवस्था की समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 11 जनवरी 2027 को गुरुग्राम कैंप कोर्ट में होगी।

No comments :