//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद। राष्ट्रीय महिला आयोग, दिल्ली राज्य महिला आयोग और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग से लोकगायिका नेहा सिंह राठौर से संबंधित कथित भ्रामक खबर के मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। सेक्टर-12, फरीदाबाद निवासी अधिवक्ता एवं समाजसेवी मोहन तिवारी ने तीनों महिला आयोगों को लिखित शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष जाँच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 17 अक्टूबर को एबीपी न्यूज़ के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नेहा सिंह राठौर के संबंध में उनके हॉस्टल में कथित सेक्स रैकेट एवं पुलिस छापेमारी से जुड़ी खबर प्रसारित की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस खबर को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया गया, जिससे गायिका की सार्वजनिक छवि एवं प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचने की आशंका उत्पन्न हुई।
मोहन तिवारी ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित खबर को लेकर नेहा सिंह राठौर द्वारा विरोध किए जाने के बाद एबीपी न्यूज़ की ओर से स्पष्टीकरण एवं माफ़ी प्रकाशित की गई। उनके अनुसार, यह घटनाक्रम खबर के प्रकाशन से पहले किए गए तथ्यात्मक सत्यापन और समाचार संस्थान की जवाबदेही को लेकर गंभीर प्रश्न उठाता है।
अधिवक्ता मोहन तिवारी ने तीनों महिला आयोगों से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित समाचार संस्थान से स्पष्टीकरण माँगने, खबर के तथ्यों एवं उसके प्रसार की जाँच कराने तथा जाँच में किसी प्रकार की लापरवाही या कानून के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा एवं प्रतिष्ठा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। डिजिटल मीडिया पर प्रसारित होने वाली संवेदनशील खबरों का तथ्यात्मक सत्यापन आवश्यक है, ताकि किसी महिला की सार्वजनिक छवि को गलत सूचना के कारण नुकसान न पहुँचे। उन्होंने संबंधित आयोगों से शिकायत पर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

No comments :