फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित डीसी ऑफिस के बाहर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला बनाकर उसे आग के हवाले किया और केंद्र की भाजपा सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में हिसार सांसद जयप्रकाश, पृथला विधायक रघुवीर तेवतिया और फरीदाबाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान हिसार सांसद जयप्रकाश ने कहा कि राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने को लेकर सवाल उठाए थे। राहुल गांधी ने चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कई सवाल उठाए थे।
उस समय लोगों के मन में यह सवाल था कि राहुल गांधी आखिर ऐसा क्यों कह रहे हैं, लेकिन अब चुनाव आयोग से जुड़े घटनाक्रम सामने आने के बाद कांग्रेस के सवाल और गंभीर हो गए हैं।
जयप्रकाश ने एसआईआर को लेकर भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तीन चुनाव आयुक्तों में से दो ने एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर पत्र लिखकर अपनी चिंताएं जाहिर की हैं। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि बिना किसी शिकायत के देशभर में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

No comments :