फरीदाबाद में सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा
पशुओं को अब दूसरे जिलों की गौशालाओं में भेजा जाएगा। नगर निगम का कहना है कि शहर की तीनों गौशालाओं में पहले ही क्षमता से अधिक पशु रखे हुए हैं। ऐसे में अब पड़ोसी जिलों की गौशालाओं में पशुओं को भेजने की तैयारी की जा रही है। इसकी शुरुआत नूंह की गोशाला से किए जाने की योजना है।
शहर में बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम ने रोजाना निगरानी की व्यवस्था की है। निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह ने पांचों जोन के ज्वाइंट कमिश्नरों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। ज्वाइंट कमिश्नर प्रतिदिन स्वास्थ्य शाखा से रिपोर्ट लेंगे। इसमें यह जानकारी ली जाएगी कि दिनभर में कितने पशुओं को सड़कों से पकड़ा गया और कितने पशुओं को गोशाला तक पहुंचाया गया।
निगम से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक 2 साल में अवारा पशुओं से कारण हुए हादसे में 15 लोग घायल हुए है जबकि 6 लोगों की मौत हो चुकी है।
औद्योगिक नगरी में सड़कों पर घूमने वाले पशु वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। रात के समय सड़क पर बैठे पशु दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। करीब दो सप्ताह पहले अंधेरे में सड़क पर बैठी गाय बाइक सवार को दिखाई नहीं दी थी। बाइक के गाय से टकराने के बाद हादसे में उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठे थे।
No comments :