HEADLINES


More

सरकार की एकतरफा घोषणा मंजूर नहीं, नियमितीकरण से कम कुछ स्वीकार नहीं : शास्त्री

Posted by : pramod goyal on : Wednesday, 2 September 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल द्वारा सफाई कर्मचारियों को संविदा कर्मचारी सेवा सुरक्षा अधिनियम, 2024 के तहत 60 वर्ष की आयु तक नौकरी की सुरक्षा और वेतन वृद्धि देने संबंधी घोषणा को नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने खारिज कर दिया है। संघ ने इसे कर्मचारियों के संवैधानिक एवं ट्रेड यूनियन अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि कर्मचारी खैरात नहीं, नियमित रोजगार का अधिकार मांग रहे हैं।


नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने नगर निगम कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार संघ के मांग-पत्र में शामिल मांगों को पूरा करे। सफाई एवं सीवर कार्यों में ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लिया जाए तथा सफाई, सीवर और पालिका कर्मचारियों सहित अग्निशमन विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों एवं फायरमैन को नियमित किया जाए। इसके साथ ही 13 मई को सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच हुए समझौते में स्वीकार की गई मांगों के पत्र तत्काल जारी किए जाएं।

शास्त्री ने बताया कि नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को आगामी चार दिनों के लिए बढ़ाकर 6 सितंबर तक जारी रखने का निर्णय लिया है। सरकार की एकतरफा घोषणाओं, पुलिसिया दमन, फायर कर्मचारियों के निलंबन एवं सेवा समाप्ति तथा महिला-पुरुष सफाई कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों के विरोध में 3 सितंबर को प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारी शहरी स्थानीय निकाय एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के आवास का घेराव करेंगे और निलंबन तथा सेवा समाप्ति के आदेशों की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज करवाएंगे।


प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि विधानसभा में सरकार द्वारा कर्मचारियों को नियमित करने में कानूनी अड़चन होने की बात कहना तथ्यहीन है। वर्ष 2014 में तीन वर्ष की सेवा पूरी करने वाले ग्रुप-डी कर्मचारियों को नियमित करने के लिए नीति बनाई गई थी, जिसे माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने भी कानूनी रूप से सही ठहराया है।

लांबा ने कहा कि अब सफाई एवं फायर कर्मचारियों को नियमित करने में कोई कानूनी बाधा नहीं है। सरकार वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीति में आवश्यक तिथि परिवर्तन करके सफाई, सीवर, पालिका एवं अग्निशमन कर्मचारियों को पक्का करने का कानून बनाए और हड़ताल का सम्मानजनक समाधान निकाले।

प्रेस वार्ता में संघ के राज्य उपमहासचिव सुनील चंडालिया, जिला प्रधान दिलीप सिंह, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव बलबीर सिंह, नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला सचिव अनिल चंडालिया सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इससे पहले नगर निगम कर्मचारी हड़ताल के 28वें दिन भी कामकाज से दूर रहे। कर्मचारियों ने बीके चौक से नीलम चौक तक जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा मांगों का अविलंब समाधान करने की मांग उठाई।

No comments :

Leave a Reply