फरीदाबाद में बदलते मौसम और बारिश के बाद डेंगू, मलेरिया और स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक डेंगू के 13, मलेरिया के 3 और स्वाइन फ्लू के 18 मामले सामने आए हैं। एक साथ कई बीमारियों के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच तेज कर दी है। करीब 40 टीमें अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर मच्छरों के लार्वा की जांच और सैंपलिंग कर रही हैं। टीमों की ओर से घरों और आसपास के इलाकों में पानी जमा होने वाले स्थानों की भी जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, खाली बर्तनों और अन्य जगहों पर जमा पानी की जांच कर रही हैं। इन जगहों पर पानी जमा रहने से डेंगू और मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों का लार्वा पनप सकता है। लोगों को भी अपने घरों और आसपास सफाई रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों को जांच के दौरान जहां भी मच्छरों का लार्वा मिल रहा है, वहां लोगों को पानी जमा न होने देने की हिदायत दी जा रही है। जरूरत पड़ने पर नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि मच्छरों की रोकथाम के लिए लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है। फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 1,660 लोगों को नोटिस जारी किए हैं

No comments :