//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने NIT फरीदाबाद स्थित बिजली के सामान की दुकान से कॉपर की तार चोरी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अयुब (34) निवासी जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के करीब 8-9 मामले दर्ज है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-8 निवासी विनय ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी कि उसकी NIT फरीदाबाद में बिजली के सामान की दुकान है। शिकायत के अनुसार 9 फरवरी 2026 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने दुकान से कॉपर की तार चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अयुब को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 9 फरवरी की रात दुकान के शटर का ताला लोहे की रॉड से तोड़ा और दुकान के अंदर रखी कॉपर की तार चोरी कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथी वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथ एक गाड़ी लेकर आए थे। चोरी की गई कॉपर की तार को गाड़ी में डालकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों से वारदात से संबंधित 70 हजार रुपये, चोरी में इस्तेमाल की गई गाड़ी तथा लोहे की रॉड बरामद की जा चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अयुब के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के करीब 8-9 मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ एवं बरामदगी के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों तथा चोरी किए गए सामान के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

No comments :