HEADLINES


More

नशामुक्त हरियाणा अभियान के तहत कांवड़ शिविर में चला जागरूकता अभियान

Posted by : pramod goyal on : Sunday, 9 August 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद। हरियाणा को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नशामुक्त हरियाणा अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस एवं हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नीमका रोड स्थित सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के कांवड़ शिविर में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा फरीदाबाद के संयुक्त पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के नेतृत्व में किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कांवड़ यात्रियों, स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक प्रकाश चंद, प्रभारी थाना सदर बल्लभगढ़ ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि इससे परिवार और समाज पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। नशे की लत व्यक्ति को अपराध की ओर भी धकेल सकती है और इससे युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित होता है।


कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया गया कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रोजगार एवं समाजहित के कार्यों में लगाएं।

कांवड़ शिविर में मौजूद बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों, स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की। सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।

डॉ० अशोक, उप निरीक्षक हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही नशे की समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। पुलिस द्वारा नशे की तस्करी एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने के लिए भी लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम भी हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो द्वारा 24 जुलाई से 27 अगस्त तक चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का हिस्सा है।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि यदि किसी व्यक्ति को नशे की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना फरीदाबाद पुलिस की कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200 या डायल 112 या स्थानीय पुलिस या फिर टोल फ्री नंबर 9050891508 को दें, ताकि नशे के कारोबार में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

No comments :

Leave a Reply