HEADLINES


More

ईको गाड़ी में युवती का अपहरण कर मारपीट और गले से सोने का लॉकेट लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

Posted by : pramod goyal on : Saturday, 29 August 2026 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद, 29 अगस्त। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 10 अगस्त को आईएमटी चौक फरीदाबाद से ईको गाड़ी में एक युवती का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने तथा गले से सोने का लॉकेट/कंठी लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की सूचना पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान योगेश नरवत उर्फ पंडित जी निवासी गांव खेड़ी कलां थाना बीपीटीपी फरीदाबाद के रूप में हुई है।


पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 10 अगस्त की शाम को गांव चंदावली के पास आईएमटी चौक क्षेत्र से एक नामालूम ईको गाड़ी चालक द्वारा एक युवती का अपनी गाड़ी में अपहरण कर लिया गया था। आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और उसके गले से सोने का लॉकेट/कंठी लूटकर फरार हो गया था। घटनाक्रम के संबंध में युवती की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज जांच आरंभ की गई। 

मामले की गंभीरता के मद्देनजर अपराध शाखा सेक्टर-65 प्रभारी जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक कप्तान सिंह, मुख्य सिपाही महेंद्र, सिपाही विनोद, सिपाही दीपेंद्र की टीम ने तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की सूचना पर आरोपी की पहचान की और 20 अगस्त 2026 को आरोपी योगेश नरवत उर्फ पंडित निवासी गांव खेड़ीकलां को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस द्वारा जांच को आगे बढ़ाते हुए माननीय न्यायालय के आदेश पर 24 अगस्त को आरोपी की शिनाख्त परेड (TIP) कराई गई तथा वारदात में प्रयुक्त सामान की बरामदगी के प्रयास किये। अपराध शाखा की टीम द्वारा आरोपी योगेश नरवत को 27 अगस्त को अदालत से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की गई। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई ईको गाड़ी, युवती से लूटा गया सोने का लॉकेट/कंठी तथा युवती को चोट पहुंचाने के लिए प्रयोग की गई बीयर की बोतल को बरामद करने उपरांत उसको जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में आरोपी योगेश नरवत उर्फ पंडित जी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इस‌ मामले की वारदात की तरह ही उसके द्वारा वर्ष 2025 में भी थाना तिगांव क्षेत्र के अंतर्गत एक वारदात को अंजाम दिया गया था। जिस संबंध में उसके खिलाफ एक लूट का मामला थाना के तिगांव में दर्ज है। इसके अतिरिक्त एक गृहभेदन का मामला भी उसके खिलाफ वर्ष 2020 में थाना खेड़ीपुल में दर्ज हुआ था।

फरीदाबाद पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


No comments :

Leave a Reply