HEADLINES


More

चाइनीज मांझे से फरीदाबाद में युवक की गर्दन कटी, बाइक से बुआ के घर जा रहा था

Posted by : pramod goyal on : Sunday, 16 August 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की गर्दन पर करीब 11 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव हो गया, जबकि माथे पर भी करीब 5 सेंटीमीटर का घाव बताया गया है। गंभीर हालत देखते हुए उसे बीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक पंकज (25) पल्ला पावर हाउस इलाके का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में काम करता है। रविवार सुबह वह बाइक से ओल्ड फरीदाबाद स्थित अपनी बुआ के घर जा रहा था। जब वह ओल्ड फरीदाबाद फ्लाईओवर पर पहुंचा तो अचानक पतंग का चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में लिपट गया।

गर्दन में मांझा फंसने से पंकज को कुछ समझ नहीं आया और उसने तुरंत बाइक नहीं रोकी। बाइक चलती रहने के कारण मांझा उसकी गर्दन पर कसता चला गया और त्वचा को बुरी तरह काट दिया। हादसे में उसकी गर्दन पर करीब 11 सेंटीमीटर का घाव हो गया। इसके अलावा माथे पर भी करीब 5 सेंटीमीटर की चोट आई है।

पंकज को बीके अस्पताल लेकर पहुंचे रूपेश कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-17 की तरफ जा रहे थे। ओल्ड फरीदाबाद फ्लाईओवर पर भीड़ लगी हुई थी। लोग घायल युवक की मोबाइल से वीडियो बना रहे थे, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। उन्होंने बिना देरी किए पंकज को अस्पताल पहुंचाया।


बीके अस्पताल में डॉक्टरों ने पंकज का प्राथमिक उपचार किया। गर्दन पर गंभीर चोट को देखते हुए उसे दिल्ली के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घटना ने एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

No comments :

Leave a Reply