//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद। पीवी स्कूल ऑफ डांस के 8वें वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-28, फरीदाबाद में किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पराग शर्मा जी, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सदस्य, रहीं। उनके कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इसके बाद नन्हे कलाकारों ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस वर्ष के आयोजन में बच्चों की प्रस्तुतियों में एक खास भावनात्मक पहल देखने को मिली। बच्चों ने अपने माता-पिता को समर्पित विशेष नृत्य प्रस्तुति दी, जिसने पूरे ऑडिटोरियम का माहौल भावुक कर दिया। प्रस्तुति के दौरान कई माता-पिता अपने बच्चों को गले लगाने के लिए मंच तक पहुंच गए और यह पल पूरे कार्यक्रम के सबसे यादगार क्षणों में शामिल रहा।
कार्यक्रम में भांगड़ा की शानदार प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं और बच्चों को दर्शकों की ओर से स्टैंडिंग ओवेशन मिला। इसके अलावा भगवान हनुमान जी को समर्पित विशेष नृत्य प्रस्तुति ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण मदर्स परफॉर्मेंस रही, जिसमें माताओं ने पूरे उत्साह के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं फादर्स परफॉर्मेंस में कई पिताओं ने एक साथ मंच पर प्रस्तुति देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और कार्यक्रम में एक अलग ही ऊर्जा भर दी।
पीवी स्कूल ऑफ डांस के संस्थापक अक्षय पंचाल जी ने कहा कि बच्चों को केवल डांस सिखाना ही संस्थान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनके आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और मंचीय प्रतिभा को निखारना भी संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव बच्चों के लिए अपनी मेहनत और प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें महाराष्ट्र मित्र मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र पंचाल जी, नाज़म कौर (भांगड़ा क्वीन), परमिंदर सिंह (भांगड़ा एरीना), अतुल त्यागी (गणेशा डांस अकादमी), रोहित गुरंग, प्रभु दयाल जी, ऋषभ पाल जी, चंक शर्मा एवं भावी शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों का भरपूर प्यार और उत्साह मिला। पीवी स्कूल ऑफ डांस का 8वां वार्षिक उत्सव बच्चों की प्रतिभा, माता-पिता के सहयोग और पूरी टीम की मेहनत का शानदार उत्सव बनकर सामने आया।

No comments :