HEADLINES


More

नशे के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की पहल , पुलिसकर्मियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ

Posted by : pramod goyal on : Wednesday, 19 August 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद: नशे के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को और गति देते हुए सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद ने ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया। पुलिस लाइन सेक्टर-30, फरीदाबाद में आयोजित परेड के दौरान “नशा मुक्त हरियाणा अभियान” के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।


निरीक्षक सुनीता, प्रभारी सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। सामुदायिक पुलिसिंग सेल की ओर से जिले में लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य संगठनों के साथ मिलकर विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है।

उन्होंने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

शपथ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज के प्रतिनिधियों द्वारा भी उपस्थित पुलिसकर्मियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा नशा मुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा नशे जैसी बुराइयों से स्वयं को दूर रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी सामुदायिक पुलिसिंग सेल निरीक्षक सुनीता ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। उन्होंने कहा कि “नशे को ना कहें, स्वस्थ जीवन अपनाएं और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।”


No comments :

Leave a Reply