//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 5 अगस्त। फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने करीब तीन वर्ष पुराने अमेज़न के मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे ट्रक से लाखों रुपये का माल गायब करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹5,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बिहार की अररिया जेल से प्रोडक्शन पर लाकर गिरफ्तार किया गया। वह वहां भी इसी प्रकार के एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में बंद था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है। जिसकी पहचान नईम निवासी गांव सतपुतियाका, जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है। जिसको 2 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर अपराध शाखा की टीम पूछताछ कर रही है....
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में सेक्टर-21सी, फरीदाबाद निवासी हिमांशु शर्मा की शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उनकी एसआरसी लॉजिस्टिक्स (SRC Logistics) नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी सेक्टर-58 ट्रांसपोर्ट नगर में संचालित होती है। 18 जून 2023 को उनकी कंपनी का ट्रक चालक आबिद तथा परिचालक यासिर मानेसर स्थित अमेज़न कंपनी के वेयरहाउस से मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर हैदराबाद के लिए रवाना हुए थे। 21 जून 2023 को ट्रक ने हैदराबाद स्थित अमेज़न वेयरहाउस में माल उतार दिया और वापस लौटकर कंपनी के यार्ड में खड़ा कर दिया गया।
इसके बाद 27 जून 2023 को अमेज़न कंपनी की ओर से प्राप्त ई-मेल में बताया गया कि ट्रक से डिलीवर किए गए माल में ₹19,10,886 मूल्य के करीब 100 मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की कमी पाई गई है। शिकायतकर्ता ने चालक एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसी दौरान मुख्य आरोपी नईम की भूमिका सामने आई, जिस पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बिहार के अररिया जिले में दर्ज एक समान प्रकृति के मामले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है। इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी को फरीदाबाद लाकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी नईम ने खुलासा किया कि उसने पहले ट्रक चालक और परिचालक से दोस्ती बढ़ाई तथा उन्हें पैसों का लालच देकर अपने विश्वास में लिया। योजना के तहत वह अपने अन्य साथियों के साथ एक स्विफ्ट कार में ट्रक के पीछे-पीछे तेलंगाना तक गया।
आरोपी ने बताया कि सुनसान स्थान पर ट्रक को रुकवाकर उसमें से करीब 100 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान निकालकर स्विफ्ट कार में रख लिया गया। इसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए, जबकि ट्रक निर्धारित स्थान पर पहुंचाकर बाकी माल की डिलीवरी कर दी गई, ताकि किसी को तत्काल चोरी का संदेह न हो।
आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है। घटनाक्रम में ट्रक चालक आबिद, परिचालक यासिर सहित अब तक 9 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

No comments :