फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव जितेंद्र बघेल, पलवल के पूर्व मंत्री करण दलाल, पृथला विधानसभा से कांग्रेस नेता रघुवीर तेवतिया, फरीदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ता जब प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर पहुंचे तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने गेट बंद कर दिया। इसके बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
इस दौरान कुछ देर तक गेट के बाहर नारेबाजी होती रही और पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। उनका कहना था कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से संसद मार्च के लिए जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया।

No comments :