ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-75 से 89 स्थित कॉलोनियों को नगर निगम के अधीन लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसको लेकर नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर अमित मान ने रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), संबंधित विभागों के अधिकारियों, डेवलपर्स के साथ हैंडओवर प्रक्रिया को लेकर बैठक की।
बैठक के दौरान सेक्टरवासियों ने क्षेत्र में सड़क, सीवर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। जॉइंट कमिश्नर अमित मान ने सभी पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और भरोसा दिलाया कि नगर निगम नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार हर बिंदु पर कार्रवाई करेगा।
अमित मान ने कहा कि सेक्टर-75 से 89 की प्लॉटेड कॉलोनियों को नगर निगम के अधीन लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए संबंधित विभागों, डेवलपर्स और आरडब्ल्यूए के बीच समन्वय स्थापित कर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी, ताकि भविष्य में इन क्षेत्रों में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वही कॉलोनियां नगर निगम को हस्तांतरित की जाएंगी, जो निर्धारित मानकों और सरकारी नियमों को पूरा करेंगी। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्लानिंग डीटीपी मनीष यादव, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता अजय पंघाल, एचएसवीपी के अधिकारी, बीपीटीपी और कंट्रीवाइड प्रमोटर्स के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments :