फरीदाबाद बल्लभगढ़ क्षेत्र के सोतई गांव में प्रस्तावित कूड़ा डंपिंग यार्ड को लेकर एक बार फिर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। शनिवरा को सोतई सहित आसपास के कई गांवों के लोग एकजुट होकर हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री राजेश नागर से मिले और डंपिंग यार्ड के निर्माण को तत्काल रोकने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि यहां डंपिंग यार्ड बनाया गया तो आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को प्रदूषण, बदबू और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी नगर निगम द्वारा इसी स्थान पर कूड़ा डंपिंग यार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उस समय ग्रामीणों के लगातार विरोध के बाद सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए डंपिंग यार्ड को वहां से हटाने के निर्देश दिए थे। लेकिन अब एक बार फिर उसी स्थान पर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि डंपिंग यार्ड बनने से क्षेत्र की जलवायु और पर्यावरण बुरी तरह प्रभावित होगा। इसके अलावा भूजल प्रदूषित होने, दुर्गंध फैलने और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि डंपिंग यार्ड को आबादी से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

No comments :