फरीदाबाद में पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर 60 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि साल 2017 के एक पुराने मामले को लेकर शनिवार को उन्हें खेड़ी पुल थाने बुलाया गया, जहां पूरे दिन बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और गिरफ्तारी की धमकी दी गई।
घटना के बाद निजी अस्पताल से शव को लेकर पहुंचे परिजनों और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। परिजन शव को पुलिस कमिश्नर कार्यालय ले जाकर रखने की बात पर अड़ गए।
आखिरकार पुलिस अधिकारियों ने खेड़ी पुल थाना प्रभारी के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में ले जाया गया।
मृतक की पहचान जनकपुर गांव निवासी सतीश कुमार (60) के रूप में हुई है। वह पावर ग्रिड कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत थे और करीब 2 महीने बाद अक्टूबर में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, साल 2017 में खेड़ी थाना क्षेत्र में हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उस मामले में कंपनी पर लापरवाही का केस दर्ज किया गया था। कंपनी की ओर से इस पूरे मामले की कानूनी कार्रवाई, कोर्ट और थाने से जुड़े कार्य सतीश कुमार देख रहे थे।

No comments :