HEADLINES


More

फरीदाबाद में विद्यार्थियों को नशा, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

Posted by : pramod goyal on : Wednesday, 29 July 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद, 29 जुलाई। पुलिस आयुक्त सतेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस द्वारा सामाजिक जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना सेंट्रल, चौकी सेक्टर-15 और सामुदायिक पुलिसिंग सेल की ओर से सेक्टर-15 स्थित राजकीय विद्यालय में नशा मुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक रहने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवाओं से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। साथ ही दहेज प्रथा को समाज पर कलंक बताते हुए कहा गया कि यह महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के विरुद्ध गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसे समाप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, दहेज निषेध अधिनियम, साइबर सुरक्षा तथा यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, बैंकिंग फ्रॉड, निवेश के नाम पर ठगी तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी तुरंत रिपोर्ट करें।जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधियों की सबसे बड़ी चुनौती हैं।

यातायात सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें।

थाना सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक सतबीर सिंह और चौकी सेक्टर-15 के प्रभारी ओम प्रकाश ने भी विद्यार्थियों एवं नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाज को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने में पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों का खुलकर विरोध करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा कानून का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशा न करने, दहेज प्रथा का बहिष्कार करने, साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी ने मिलकर नशामुक्त, दहेजमुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।


No comments :

Leave a Reply