//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 9 जुलाई। नगर निगम के ठेकेदारों ने लंबित भुगतान को लेकर एक बार फिर अपनी आवाज बुलंद की है। कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन फरीदाबाद के पदाधिकारी नगर निगम आयुक्त से मुलाकात करने निगम मुख्यालय पहुंचे, लेकिन नगर निगम आयुक्त धीरेन्द्र खडग़टा की अनुपस्थिति के कारण उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उनके निजी सहायक को सौंपते हुए शीघ्र समाधा
न की मांग की।
रामबीर सिंह रावत, मुन्ना लाल चौहान, चन्द्रभान त्यागी, सुभाष सांगवान ने बताया कि बीते 22 जून 2026 को भी उनकी नगर निगम आयुक्त से मुलाकात हुई थी। उस दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया था कि लंबित भुगतान जल्द जारी कर दिए जाएंगे, लेकिन करीब तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं हो सका है।
ठेकेदारों का कहना है कि पिछले 3 से 4 महीनों से करोड़ों रुपये के बिल लंबित पड़े हैं। भुगतान नहीं मिलने से उन्हें मजदूरों की मजदूरी, निर्माण सामग्री के भुगतान और अन्य वित्तीय दायित्वों को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो फरीदाबाद शहर में चल रहे विकास कार्यों की गति प्रभावित हो सकती है और कई परियोजनाओं पर काम रुकने की नौबत आ सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से ठेकेदारों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि पहले से लंबित सभी बिलों का तत्काल भुगतान किया जाए। जिन कार्यों की टेस्टिंग विभागीय अधिकारियों द्वारा पहले ही कराई जा चुकी है, उन्हें मान्य करते हुए संबंधित बिलों का भुगतान बिना देरी के जारी किया जाए। साथ ही वर्तमान और भविष्य में होने वाले कार्यों की टेस्टिंग प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सार्वजनिक बनाया जाए, ताकि ठेकेदारों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन फरीदाबाद के पदाधिकारियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, जिससे विकास कार्यों की रफ्तार बनी रहे और शहर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं समय पर मिल सकें। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान होना केवल ठेकेदारों के हित में ही नहीं, बल्कि फरीदाबाद के विकास और जनहित के लिए भी आवश्यक है।

No comments :