फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र के सेहतपुर स्थित सूर्या कॉलोनी में कच्छा गैंग ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कमरों में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर करीब पांच लाख रुपए के सोने के जेवर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और कैश चोरी कर फरार हो गए।
वारदात के समय परिवार पड़ोस में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी में गया हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता शहनाज ने बताया कि वह पल्ला थाना क्षेत्र के सेहतपुर स्थित सूर्या कॉलोनी में अपनी दो बेटियों के साथ रहती हैं, जबकि उनके पति सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। उनका मायका भी पड़ोस में ही है। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह दोनों बेटियों के साथ मायके में आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गई थीं। रात अधिक होने के कारण सभी वहीं रुक गए।
शहनाज ने बताया कि बुधवार सुबह करीब छह बजे जब वह अपने घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों में रखा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। चोर अलमारी में रखे कीमती सामान को लेकर फरार हो चुके थे।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने अपनी दोनों बेटियों की शादी के लिए धीरे-धीरे करके सोने के जेवर बनवाए थे। चोर करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर, एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और कुछ नगदी चोरी कर ले गए। उन्होंने कहा कि जल्द ही बेटियों की शादी की तैयारी चल रही थी, इसलिए वर्षों की मेहनत से जेवर इकट्ठे किए थे।

No comments :