फरीदाबाद जिले के छांयसा के पास कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे पर चलती कार की छत पर बैठकर सफर करना एक युवक को महंगा पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार मालिक का 14 हजार रुपए का पोस्ट चालान कर दिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाली हरकतें बिल्कुल न करें।
जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में एक सेंट्रो कार KGP एक्सप्रेसवे पर चलती हुई दिखाई दे रही है। कार में बड़ी मात्रा में सब्जियां भरी हुई थी। बताया जा रहा है कि कार में जगह नहीं बची थी, इसलिए एक युवक कार की छत पर बैठकर सफर कर रहा था।
उसी समय पीछे चल रहे एक अन्य वाहन ड्राइवर ने इसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो ट्रैफिक पुलिस के संज्ञान में आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में वाहन की पहचान होने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न नियमों के उल्लंघन के तहत वाहन मालिक का 14 हजार रुपए का पोस्ट चालान किया। चालान में यातायात नियमों की कई धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

No comments :