हरियाणा के प्रतिष्ठित सुपर-100 कार्यक्रम के 91 विद्यार्थियों ने IIT-JEE एडवांस्ड 2026 परीक्षा में सफलता हासिल की है। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विशेष शैक्षणिक सहयोग और समान अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शा रही है। हरियाणा सुपर 100 (HS-100) के कुल 206 विद्यार्थियों का IIT-JEE एडवांस्ड 2026 का परिणाम आया है। इनमें से 91 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
206 विद्यार्थियों के संकलित परिणामों के आधार पर कार्यक्रम ने 44.2 % की प्रभावशाली सफलता दर हासिल की, जो राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे मार्गदर्शन, शैक्षणिक सहयोग और परिणामोन्मुखी कोचिंग व्यवस्था की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
राज्य से पास हुए विद्यार्थियों में 24 स्टूडेंट्स सामान्य वर्ग, 30 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) तथा 37 अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से हैं। परिणामों में छात्राओं का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा और कार्यक्रम के तहत 34 छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
जिला स्तर पर हिसार सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला डिस्ट्रिक्ट रहा, जहां से 16 स्टूडेंट्स ने परीक्षा पास की। फतेहाबाद 9 सफल स्टूडेंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि फरीदाबाद और जींद से 8-8 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। कैथल के 7, गुरुग्राम और रेवाड़ी से 6-6 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि महेंद्रगढ़, भिवानी, कुरुक्षेत्र और पलवल से 4-4 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।

No comments :