सोनीपत के एक ही परिवार के चार लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को परिवार हरिद्वार स्नान के लिए जा रहा था। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में देहरादून–पंचकूला हाईवे पर उनकी कार को पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी।
हादसे में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में दो महिलाएं, एक बुजुर्ग और एक बच्चा शामिल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सोनीपत के मंडोरा गांव निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ टाटा टियागो कार (HR 10AL 7732) से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे थे। शाम साढ़े 4 बजे जैसे ही उनकी कार सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून–पंचकूला हाईवे पर पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो ने टियागो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने चरण सिंह की पत्नी सुदेश, पुत्रवधू प्रीति, पोते शिवांश और एक बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। हादसे में प्रवीण, सहदेव और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

No comments :