//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 11 जून। गांव अगवानपुर में बिजली कटौती से जूझ रहे ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। कई घंटे बिजली गुल होने से पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो जाती है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने लोकसभा निगरानी समिति के संयोजक ओमप्रकाश रैक्सवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। लोगों का कहना है कि बिजली निगम को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली खपत के अनुपात में सप्लाई न होने से उन्हें परेशान होना पढ़ रहा है।उन्होंने मांग कि गांव अगवानपुर को बसंतपुर-इस्माइलपुर फीडर से हटाकर सेक्टर 91 के फीडर से जोड़ें या नया फीडर लगाया जाए। जिससे बिजली आपूर्ति में सुधार हो सके। ग्रामीणों का तर्क कि सेक्टर 91 फीडर पर अपेक्षाकृत कम भार है। तथा वहां से कनेक्शन मिलने पर बिजली कटौती की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। इससे पूर्व में भी अगवानपुर का फीडर कनेक्शन सेक्टर 91 से था, तब सुचारु बिजली सप्लाई होती थी। जब से अगवानपुर को बसंतपुर-इस्माइलपुर फीडर से जोड़ा गया है, बिजली आपूर्ति में बाधा आ रही है।
लोकसभा निगरानी समिति के संयोजक ओमप्रकाश रैक्सवाल ने लोगों की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के एसई जितेन्द्र ढुल के समक्ष मामले को प्रमुखता से उठाते हुए लिखित में शिकायत दर्ज करवाई। जहां उन्हें बिजली व्यवस्था के जल्द ही सुचारु होने का आश्वासन मिला। रैक्सवाल ने कहा कि बिजली आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए ग्रामीणों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर भूप सिंह, राजपाल पहलवान, चौधरी शेर सिंह, चौधरी हरकेश, चौधरी मूलचंद, जयराम, रामसिंह, दुलीचंद, अजय, नानक चंद सहित सैंकड़ो ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments :