//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 14 जून। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी एवं महासचिव डॉ. सुनील कुमार के निर्देशानुसार तथा आयुष सिन्हा, उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के मार्गदर्शन में एवं सचिव बिजेन्द्र सिंह सोरोत के नेतृत्व में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी
फरीदाबाद द्वारा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने तथा रक्तदाताओं के अमूल्य योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से रेडक्रॉस भवन, सेक्टर-12, फरीदाबाद में दो विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की प्रथम कड़ी में जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद एवं मारवाड़ी युवा मंच, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर मयंक भारद्वाज, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), बल्लभगढ़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर का उद्देश्य जिले में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति प्रेरित करना था।
मयंक भारद्वाज, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), बल्लभगढ़ ने कहा कि रक्तदान सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाने का सौभाग्य रक्तदान के माध्यम से ही प्राप्त होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान को केवल एक अवसर नहीं बल्कि नियमित सामाजिक संस्कार के रूप में अपनाएं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और समाज में मानवीय मूल्यों को और अधिक मजबूती मिले।
प्रवीण अग्रवाल, अध्यक्ष, मारवाड़ी युवा मंच, फरीदाबाद ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच सदैव सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है तथा रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों के माध्यम से समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं एवं नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा इस महाअभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

No comments :