HEADLINES


More

फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद हिस्ट्रीशीटर काबू

Posted by : pramod goyal on : Thursday, 11 June 2026 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद: पुलिस आयुक्त श्री सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 11 जून 2026 की अल सुबह लगभग 3:00 बजे अपराध शाखा सेक्टर-85 एवं अपराध शाखा सेंट्रल की संयुक्त टीम ने एक  हिस्ट्रीशीटर एवं गृहभेदन के मामलों में वांछित अपराधी सोनू को पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू करने में सफलता हासिल की है। आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में था। 



श्री वरुण कुमार दहिया सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-85 के प्रभारी एसआई राज सिंह अपनी टीम एएसआई सुनील कुमार, सिपाही सन्नी, विवेक तथा चालक सिपाही संजय कुमार के साथ सरकारी वाहन में आईएमटी चौक चंदावली क्षेत्र में गश्त एवं अपराध पड़ताल के लिए मौजूद थे। इसी दौरान विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि सोनू पुत्र प्रेम सिंह उर्फ भिखारी शाह निवासी जिला सीतामढ़ी, बिहार हाल निवासी संगम विहार, दिल्ली, जो पूर्व में गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है, अवैध हथियार के साथ मोटरसाइकिल पर आईएमटी क्षेत्र से मच्छगर होते हुए नोएडा जाने वाला है तथा किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। वह फरीदाबाद के मामलों में वांछित भी है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए अपराध शाखा सेंट्रल की टीम को साथ लिया गया तथा योजनाबद्ध तरीके से आईएमटी स्थित अमूल फैक्ट्री से मच्छगर रोड पर नाकाबंदी की गई व कंट्रोल रूम के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ाई गई।

नाकाबंदी के दौरान आईएमटी की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन की चेतावनी लाइट देखकर आरोपी ने मोटरसाइकिल को मोड़कर बुखारपुर गांव की तरफ भागने का प्रयास किया,  भागते समय मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया। जब पुलिस टीम उसे काबू करने के लिए आगे बढ़ी तो आरोपी ने उठते ही पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम द्वारा स्वयं को पुलिस बताते हुए आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई लेकिन आरोपी ने लगातार पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग जारी रखी। आरोपी द्वारा चलाई गई एक गोली पी/एसआई दीपक लोहान द्वारा पहनी गई बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

आरोपी की लगातार फायरिंग के बीच पुलिस टीम ने संयम एवं साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से उसके पैरों की दिशा में नियंत्रित फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क किनारे गिर गया। पुलिस टीम ने तुरंत उसे काबू कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सोनू पुत्र प्रेम सिंह उर्फ भिखारी शाह निवासी गांव एवं थाना बाजपट्टी, जिला सीतामढ़ी (बिहार), हाल निवासी मकान नंबर A-43B, ग्राउंड फ्लोर, K.N.-307, संगम विहार, अंबेडकर नगर, दिल्ली के रूप में बताई।

आरोपी के घायल होने पर पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्राथमिक उपचार दिया तथा अत्यधिक रक्तस्राव रोकने के लिए उसके पैर पर कपड़ा बांधा। तत्पश्चात उसे उपचार हेतु बीके अस्पताल, फरीदाबाद भिजवाया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा नकदी बरामद हुई। वहीं आरोपी के पास मौका पर एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल पड़ी मिली। घटनास्थल पर .32 बोर एवं 9 एमएम के कई खाली खोल तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुए। जिन्हें सुरक्षित रखते हुए एफएसएल टीम को जांच हेतु बुलाया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर 4 राउंड फायर किए गए। पुलिस टीम की ओर से आत्मरक्षा एवं आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से आवश्यक नियंत्रित फायरिंग की गई।

आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके विरुद्ध 28 मामले नोएडा में दर्ज हैं। वह हिस्ट्रीशीटर भी है। पल्ला थाना के अंतर्गत 3 से 4 सेंधमारी की वारदातों में वांछित है।

घटनाक्रम के संबंध में थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, शस्त्र अधिनियम से संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

No comments :

Leave a Reply