गुड़गांव, : गुड़गांव ट्रैफिक पुलिस ने अब उन वाहन चालकों को टारगेट करना शुरू कर दिया है जो ट्रैफिक नियमों का पालन करने से गुरेज करते हैं। अब वाहन चालकों के लंबित चालान को लेकर ट्रैफिक पुलिस सख्त हो गई है। आज इसी कड़ी में गुड़गांव पुलिस ने एक ऐसे बाइक सवार को पकड़ा जिसकी बाइक चालान के शतक करने के नजदीक थी। बाइक पर ट्रैफिक नियमों के अलग-अलग तरह की अवहेलना करने पर 93 चालान लंबित पाए गए जिनकी जुर्माना राशि 2.29 लाख रुपए थे। इस बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता एएसआई विकास की मानें तो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के दौरान जोनल अधिकारी सेक्टर-4/7 चौक सहायक उप निरीक्षक मदनपाल ने अपने साथ मौजूद सिपाही रोबिन व अन्य यातायात पुलिस कर्मचारियों की सहायता से एक मोटरसाइकिल को चेकिंग के दौरान रुकवाया।

No comments :