फरीदाबाद के सेक्टर-19 में गुरुवार दोपहर सीवर की सफाई के दौरान एक हादसा हो गया। सीवर में उतरे 50 वर्षीय सीवरमैन की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारियों और यूनियन के पदाधिकारियों में रोष देखा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-19 स्थित हाउस नंबर 1310 के पास सीवर जाम होने की शिकायत नगर निगम को मिली थी। शिकायत के बाद नगर निगम के नियमित सफाई कर्मचारी जोगिंदर पहलवान निवासी गांव औरंगाबाद, मीतरोल (पलवल) अपने साथियों के साथ सीवर की सफाई करने पहुंचा था। बताया गया है कि जोगिंदर बेल्ट बांधकर सीवर के अंदर सफाई के लिए उतरा था। इसी दौरान सीवर में मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से उन्हें चक्कर आ गया और वह नीचे गिर गया।
घटना को देखकर वहां मौजूद दूसरे सफाई कर्मचारी ने तुरंत आसपास के लोगों तथा नगर निगम के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद नगर निगम के कर्मचारी, सफाई कर्मचारी यूनियन के सदस्य और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद जोगिंदर को सीवर से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

No comments :