बल्लभगढ़ में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में अभियान चलाकर करीब 50 मकानों के सामने किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने सड़क पर बनाए गए चबूतरे, रैंप और अन्य निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
इस बीच नगर निगम ने मुरारी विहार क्षेत्र में बनी झुग्गियों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि एसडीएम कोर्ट के आदेशों के तहत क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने झुग्गी निवासियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र के निवासियों और राहगीरों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मकानों के आगे किए गए अतिक्रमण और रेहड़ियों के कारण गलियां संकरी हो गई हैं। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायतों के आधार पर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था। कार्रवाई शुरू करने से पहले क्षेत्र में माइक के माध्यम से लोगों को सूचना भी दी गई।

No comments :