फरीदाबाद एनआईटी-3 स्थित नेहरू कॉलोनी में चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई के विरोध में रविवार को स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नेहरू कॉलोनी संघर्ष समिति के आह्वान पर आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विकास परियोजना के नाम पर हजारों लोगों को बेघर किया जा रहा है, जबकि अभी तक परियोजना का डीपीआर और विस्तृत नक्शा सार्वजनिक नहीं किया गया है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय प्रताप और पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि यदि पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना तोड़फोड़ जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर लाखों लोगों के साथ दिल्ली कूच भी किया जाएगा।
विजय प्रताप ने कहा कि नेहरू कॉलोनी में 30 मई से शुरू हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई लगातार जारी है। इस दौरान कई मकान, दुकानें और धार्मिक स्थल प्रभावित हुए हैं। प्रशासन द्वारा इस कार्रवाई को मेट्रो और एलिवेटेड रोड परियोजना से जोड़ा जा रहा है, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने परियोजना का डीपीआर अथवा नक्शा सार्वजनिक नहीं किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले लोगों को बताया गया था कि परियोजना के लिए सीमित भूमि की आवश्यकता होगी, लेकिन अब कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में विकास कार्यों के लिए भूमि की जरूरत है तो कॉलोनीवासी सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था पहले की जानी चाहिए।

No comments :