फरीदाबाद में निर्माणाधीन मोहना एलिवेटेड रोड एक बार फिर विवादों में आ गया है। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना में निर्माण मानकों की अनदेखी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीक्षण अभियंता (Superintending Engineer) को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता नईम अहमद खान ने अपनी शिकायत में आरोप लगाते हुए कहा कि परियोजना में बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के सरिया प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही निर्माण सामग्री भी निम्न गुणवत्ता वाली है। इसके साथ ही गैर स्वीकृत केमिकल एडमिक्सचर का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकती है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्वीकृत ड्राइंग और डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) से अलग निर्माण किया जा रहा है। आरोप है कि फ्लाईओवर के स्पैन और अन्य तकनीकी डिजाइनों में बिना सक्षम अनुमति बदलाव किए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि परियोजना के दायरे में भी कई परिवर्तन किए गए हैं, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका पैदा होती है।
इसके अलावा, शिकायत में परियोजना की निगरानी कर रहे अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की किसी स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से जांच कराने और यदि अनियमितता सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

No comments :