फरीदाबाद जिले में रविवार देर रात शादी समारोह में शामिल होने जा रहे 4 दोस्तों की कार सड़क किनारे खड़े लोडिंग ट्रॉला ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि 2 युवकों का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार बल्लभगढ़ के सेक्टर-56 निवासी 20 वर्षीय चीकू, 19 वर्षीय राम, आदर्श और उनका एक अन्य दोस्त एनआईटी-1 स्थित दौलतराम धर्मशाला में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए स्विफ्ट कार से जा रहे थे।
रात करीब 11 बजे जब उनकी कार बाटा फ्लाईओवर से हार्डवेयर रोड की ओर पहुंची, तभी सड़क किनारे टाटा स्टील और एबीबी कंपनी की लोहे की भारी प्लेटों से लदा एक ट्रॉला ट्रक खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सीधे ट्रॉला के पीछे जा टकराई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के सभी एयरबैग खुल गए, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि चालक सीट का हिस्सा पूरी तरह दब गया और कार चला रहा चीकू उसके अंदर बुरी तरह फंस गया। उसके साथ आगे की सीट पर बैठा राम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे बैठे आदर्श और एक अन्य दोस्त भी हादसे में घायल हुए।

No comments :