दिल्ली- एनसीआर में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के आह्वान पर आज (गुरुवार) से तीन दिवसीय हड़ताल शुरू हो गई है। इस हड़ताल का सबसे व्यापक और सीधा असर गुरुग्राम में भी देखने को मिल रहा है। हड़ताल के पहले ही दिन गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले कॉमर्शियल वाहनों और ट्रकों की संख्या कम हो गई है। जिससे गुरुग्राम उद्योगों में करोड़ों का काम अटक गया है।
ट्रांसपोर्ट संघों ने साफ किया कि 21 मई की सुबह से लेकर 23 मई की रात तक माल ढुलाई से जुड़ी कोई भी छोटी या बड़ी गाड़ी दिल्ली की सीमा में प्रवेश नहीं करेगी। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के पदाधिकारियों का कहना है कि दिल्ली सरकार द्वारा लगातार कमर्शियल वाहनों पर नए-नए प्रतिबंध थोपे जा रहे हैं और ग्रीन टैक्स के नाम पर भारी वसूली की जा रही है। इससे ट्रांसपोर्ट उद्योग पूरी तरह से बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गया है।
ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि बार-बार प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकाला गया, जिसके चलते उन्हें मजबूरन इस सांकेतिक हड़ताल का रास्ता चुनना पड़ा।

No comments :