बल्लभगढ़ मेन बाजार में एक दुकानदार ने कथित बेइज्जती से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान
43 वर्षीय रविंद्र कुमार मित्तल के रूप में हुई है। वे चप्पल-जूते की दुकान चलाते थे। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दुकानदार ने अपनी मौत के लिए अपने एक जानकार को जिम्मेदार ठहराया है।
पंजाबी वाड़ा के रहने वाले पीयूष ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे उनके पिता रविंद्र कुमार मित्तल दुकान बंद कर जागरण में जाने के लिए निकले थे। तभी कमेटी डालने का काम करने वाले प्रवीन बंसल दुकान के पास आ गए और कमेटी के पैसों को लेकर उनके पिता से बीच बाजार में गाली-गलौज करने लगे।
पीयूष के अनुसार, उनके पिता बार-बार समझाते रहे कि बाजार में तमाशा न करें और बात को शांति से सुलझा लिया जाएगा, लेकिन प्रवीन बंसल नहीं माने और कथित तौर पर बीच बाजार में उन्हें अपमानित करते रहे। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि वह अगले दिन सुबह फिर दुकान पर आएंगे और सबके सामने दोबारा बेइज्जती करेंगे।
परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे रविंद्र कुमार मित्तल बिना बताए घर से निकल गए। जब वह काफी देर तक नहीं लौटे तो परिवार ने तलाश शुरू की। दोपहर करीब एक बजे पुराने मकान पर पहुंचे तो एक कमरे में उन्होंने देखा कि रविंद्र कुमार मित्तल रस्सी के सहारे फांसी पर लटके हुए थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने शनिवार को बाजार में हुई घटना का जिक्र करते हुए अपनी मौत के लिए परवीन बंसल को जिम्मेदार बताया।

No comments :