पलवल में एक युवक ने नहर में कूदकर सुसाइड कर लिया। युवक के पिता ने उसकी पत्नी और सास-ससुर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। चांदहट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतक के पिता का आरोप है कि उसकी पत्नी उसे आत्महत्या के लिए उकसाती थी और उसके नाम जमीन कराने का दबाव बना रही थी। इतना ही नहीं, उसने बेटे के खिलाफ दहेज का झूठा मामला भी दर्ज करवा दिया था। पत्नी के तानों और दबाव से तंग आकर युवक ने नहर में कूदकर अपनी जान दे दी।
औरंगाबाद गांव निवासी जिले सिंह ने चांदहट थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा नर सिंह अपने भाई अर्जुन की स्पोर्ट्स एकेडमी में काम करता था। पत्नी अंजलि से परेशान होकर उसने 1 मई को आगरा नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाश शुरू कर दी। 2 मई को नर सिंह का शव आगरा नहर में अमरौली गांव के पास बरामद हुआ।
जिले सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अंजलि, उसकी सास महेंद्री और ससुर बच्चु सिंह नर सिंह पर जमीन अंजलि के नाम करने का दबाव बना रहे थे। जमीन नाम न करने पर अंजलि उसे रोजाना आत्महत्या के लिए उकसाती थी और झूठे आरोप लगाकर पुलिस से पकड़वाने की धमकी देती थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अंजलि महिला मंडल और कोर्ट में दहेज का केस दर्ज कराने की धमकी देती थी और बाद में उसने मामला दर्ज भी करवा दिया। इसके बाद नर सिंह अपने भाई अर्जुन की बाइक लेकर घर से निकला और अलावलपुर स्थित आगरा नहर पर पहुंचकर उसमें कूद गया। परिजनों का आरोप है कि उसकी आत्महत्या के लिए पत्नी अंजलि और ससुराल पक्ष के लोग जिम्मेदार हैं।

No comments :