फरीदाबाद में प्रॉपर्टी के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंप दिया गया है।
गांव बुढेना के सुखबीर सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में
बताया है कि, दुकान नंबर 52, वार्ड नंबर 7 (रकबा 68 वर्ग गज) का सौदा उसने अक्टूबर 2024 में 3.05 करोड़ रुपये में सेक्टर-19 निवासी अंकुश गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, मूलचंद गुप्ता और मधुसूदन के साथ तय किया था। पहले इकरारनामे में ही आरोपियों ने करीब 76.40 लाख रुपए वसूल लिए।
इसके बाद आरोपियों ने रजिस्ट्री की तारीख आगे बढ़ाते हुए 21 फरवरी 2025 और 16 मई 2025 को दो और इकरारनामे किए और अलग-अलग किश्तों में कुल करीब 1.45 करोड़ रुपए ले लिए।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने संपत्ति को पूरी तरह विवादमुक्त बताया था, लेकिन बाद में जांच में पता चला कि उस पर पहले से बैंक लोन और कोर्ट केस चल रहा है। साथ ही यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी संपत्ति के नाम पर अन्य लोगों से भी पैसे ले रखे हैं।
आरोप है कि जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने 1.77 करोड़ रुपए लौटाने का वादा किया, लेकिन केवल 17 लाख रुपए अक्तूबर 2025 में लौटा दिए। अभी भी करीब 1.60 करोड़ रुपए बकाया बताए जा रहे हैं।पीड़ित का कहना है कि पैसे मांगने पर आरोपियों ने उसके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करवा दी और उसे व उसके परिवार को झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच EOW सेंट्रल फरीदाबाद को सौंप दी गई है। मले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments :