फरीदाबाद जिले के फतेहपुर तगा रोड पर अलफलाह यूनिवर्सिटी के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एक सीएनजी कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। राहत की बात यह रही कि कार चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धौज थाना पुलिस के अनुसार घटना अलफलाह यूनिवर्सिटी से कुछ दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तो हुंडई ऑरा कार आग में घिरी हुई थी, हालांकि कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिसके बाद फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी और बेकाबू होकर बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे कार में आग लग गई। कार में कितने लोग सवार थे और वे कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
धौज थाना प्रभारी दर्पण सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

No comments :