हरियाणा के पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रहे धनेंद्र कुमार की आग में जलने से मौत हो गई। धनेंद्र रिटायरमेंट के बाद दिल्ली स्थित अपने आवास पर रहते थे। बुधवार रात घर में लगी AC में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद घर में आग लग गई।
कुछ में ही देर में आग ने पूरा घर चपेट में ले लिया। धनेंद्र और उनका बेटा भी आग में झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें AIIMS के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
धनेंद्र 1967 बैच के IAS अधिकारी थे। सीएम के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रहने के बाद वे केंद्र सरकार में भी कई महत्तवपूर्ण पदों पर रहे। इसके साथ ही धनेंद्र वर्ल्ड बैंक के कार्यकारी निदेशक भी रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बुधवार रात करीब 11 बजे उन्हें हौज खास एरिया में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। बचाव अभियान के दौरान घर में मौजूद सभी को बमुश्किल बाहर निकाला गया। मगर हादसे में धनेंद्र और उनके बेटे गंभीर रूप से झुलस गए।
दमकल कर्मियों का कहना है कि घटना के समय घर में फैमिली मेंबर और केयरटेकर समेत 5 लोग मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के अंदर लगे एयर कंडीशनर यूनिट में विस्फोट के बाद आग लगी, जिसने तेजी से पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। टेक्निकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments :