हरियाणा सरकार ने करनाल और फरीदाबाद स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दी है। इसके साथ ही करनाल स्मार्ट सिटी की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी (PMC) का कार्यकाल भी इसी तिथि तक बढ़ाया गया है। इस फैसले से दोनों शहरों में लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और निर्मित परिसंपत्तियों को संबंधित वि
भागों को सुचारू रूप से हस्तांतरित करने में मदद मिलेगी।
यह जानकारी मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय उच्चाधिकार प्राप्त संचालन समिति (SLHPAC) की बैठक में दी गई। बैठक में करनाल और फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि यह विस्तार एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप दिया गया है, ताकि पूर्णता के निकट पहुंच चुकी शेष परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके और नागरिकों को आधुनिक शहरी सुविधाओं का लाभ लगातार मिलता रहे।
मुख्य सचिव ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत तकनीक आधारित विकास कार्यों ने शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत किया है। जिससे नागरिक सुविधाओं में सुधार हुआ है और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए और निर्मित सार्वजनिक परिसंपत्तियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

No comments :