//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने 12.5 लाख रुपए लूटने की झूठी सूचना देकर गुमराह करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर 12,50,000/- रुपये बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपित की पहचान नवल किशोर वासी गांव दरियापुर, जिला इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश हाल पांडव नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शैलेश राम निवासी पड़पड़गंज, ईस्ट दिल्ली ने थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि उसने अपनी कम्पनी में काम करने वाले कर्मचारी नवल किशोर को 6 मई 2026 को 13 लाख रुपये दिल्ली से फरीदाबाद किसी व्यक्ति को देने के लिए भेजा था। नवल किशोर शाम के समय स्कूटी पर पैसे लेकर निकला था। शाम करीब 7:15 बजे नवल किशोर ने फोन कर बताया कि दिल्ली-मथुरा हाईवे स्थित बाटा चौक फ्लाईओवर, फरीदाबाद के पास दो बाइक सवार पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। नवल की इस कहानी पर शिकायतकर्ता को शक हुआ और छानबीन करने पर पता चला कि नवल ने ही 13 लाख रुपए का गबन करने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी थी। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वह काफी समय से शिकायतकर्ता की कम्पनी में काम कर रहा था। 6 मई को 13 लाख रुपये लेकर निकलने के बाद उसने दिल्ली स्थित अपने घर पर ही पैसे छिपा दिए थे और फिर फरीदाबाद पहुंचकर उसने कहानी रचकर पैसे छीनने बारे सूचना शिकायतकर्ता को दी।
पुलिस टीम ने आरोपित से 12,50,000/- रुपये बरामद कर लिये हैं और माननीय अदालत में पेश कर उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

No comments :