HEADLINES


More

गर्भवती महिलाओं को दी गई चॉकलेट में निकले कीड़े

Posted by : pramod goyal on : Tuesday, 14 April 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

  सोनीपत जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए गर्भवती महिलाओं को वितरित की जा रही चॉकलेट में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि ये चॉकलेट आंगनबाड़ी केंद्रों से घर-घर सप्लाई की गई थीं। जब लाभार्थियों ने पैकेट खोले तो उनमें कीड़े दिखाई दिए, जिससे हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि पैकेट पर इसी महीने की एक्सपायरी डेट अंकित


थी, जिससे गुणवत्ता पर और भी संदेह गहरा गया है।

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चॉकलेट के अंदर कीड़े साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों का कहना है कि सरकार की ओर से मिलने वाला पोषण आहार उनकी सेहत के लिए होता है, लेकिन इस तरह की लापरवाही उनकी जान के साथ खिलवाड़ है।

मामला सामने आने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषी सप्लायर और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन ने चॉकलेट के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को स्टॉक की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। 

No comments :

Leave a Reply