फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित मदरसन कंपनी के कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने को लेकर विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे से ही बड़ी संख्या में कर्मचारी कंपनी के गेट के बाहर धरना देकर बैठ गए।
कर्मचारियों की मांग है कि उनकी मासिक सेलरी बढ़ाकर ₹20 हजार की जाए और जिन मांगों पर कंपनी और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी है, उसका लिखित नोटिस कंपनी गेट के बाहर चस्पा किया जाए, ताकि सभी कर्मचारियों को इसकी स्पष्ट जानकारी मिल सके।
बता दें कि, सोमवार को कर्मचारियों के प्रतिनिधियों की सरकार और कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत हुई थी। उस दौरान सरकार की नोटिफिकेशन और प्रबंधन के साथ सहमति बनने के बाद मामला शांत करा दिया गया था। लेकिन कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट लिखित सूचना जारी नहीं की गई है। इसी कारण मंगलवार को कर्मचारी काम पर तो पहुंचे, लेकिन दोबारा से कंपनी के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए।

No comments :