HEADLINES


More

अस्पतालों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण के लिए बैठक आयोजित

Posted by : pramod goyal on : Monday, 2 March 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//


 2 मार्च 2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर सिंह की अध्यक्षता में शहर के प्रमुख अस्पतालों के प्रशासनिक विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अस्पतालों के बाहर लगने वाले जाम, सड़क किनारे खड़े वाहनों और एम्बुलेंस मार्ग में हो रही रुकावट को दूर करना था।


बैठक में एसएसबी अस्पताल, एकॉर्ड अस्पताल, एशियन चिकित्सा विज्ञान संस्थान, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल तथा यथार्थ अस्पताल के प्रशासनिक विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर यातायात थाना प्रभारी, निरीक्षक अनोज तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

बैठक के दौरान अस्पतालों के प्रशासनिक विभाग को स्पष्ट रूप से बताया गया कि अस्पतालों के बाहर सड़क किनारे वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है और कई बार मरीजों को समय पर अस्पताल तक पहुंचाने में कठिनाई आती है। विशेष रूप से एम्बुलेंस के लिए बनाये गये आपातकालीन मार्ग को हर स्थिति में खाली रखने के निर्देश दिये गये ताकि किसी भी आपात स्थिति में एम्बुलेंस को आने-जाने में कोई बाधा न हो।

अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि वे एक सप्ताह के भीतर अपनी पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करें। अस्पताल परिसर के अंदर उपलब्ध स्थान का सही उपयोग किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर पार्किंग क्षमता बढ़ाने के कदम उठाए जाएं। निजी सुरक्षा कर्मियों को यह जिम्मेदारी दी जाए कि कोई भी वाहन सड़क पर खड़ा न होने दें। इसके साथ ही अस्पताल के बाहर और अंदर व्यवस्था संभालने के लिए अलग से ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएं, जो वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करवाएं और आवागमन को सुचारु रखें।

अस्पतालों को यह भी कहा गया कि प्रवेश और निकास द्वार पर स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं, एम्बुलेंस मार्ग को चिन्हित किया जाए तथा भीड़भाड़ के समय अतिरिक्त कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि अव्यवस्था की स्थिति न बने। सड़क किनारे खड़े वाहनों को तुरंत हटवाने के लिए भी अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर सिंह ने कहा कि अस्पताल अत्यंत संवेदनशील स्थान होते हैं और यहां यातायात व्यवस्था बनाए रखना बहुत आवश्यक है। यदि भविष्य में अस्पतालों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग पाई गई तो संबंधित वाहन चालकों के साथ-साथ संबंधित अस्पताल प्रशासन के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस फरीदाबाद सभी नागरिकों से अपील करती है कि अस्पताल के पास वाहन केवल निर्धारित स्थान पर ही खड़े करें और एम्बुलेंस के लिए बने मार्ग को हमेशा खाली रखें, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

No comments :

Leave a Reply