//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद,19 मार्च। जे.सी. बोस यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी वाईएमसीए फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 'मीडिया, सोसाइटी एंड पब्लिक डिस्कोर्स इन द डिजिटल एज' के समापन समारोह में चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा कुलगुरु प्रो. (डॉ.) विजय कुमार, इंडियन हैबिटेट सेंटर और एमसीयू भोपाल के पूर्व कुलगुरु प्रो.के.जी. सुरेश, एनएचपीसी के डायरेक्टर उत्तम लाल, कुलगुरु प्रो.राजीव कुमार और कुलसचिव प्रो.अजय रंगा सहित डीन प्रो.अनुराधा शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। सर्वश्रेष्ठ रिसर्च पेपर प्रस्तुत करने वाले शोधार्थियों को अतिथियों ने सम्मानित किया।
विवेकानंद सभागार में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा कुलगुरु प्रो.(डॉ.) विजय कुमार ने अपने संबोधन में मीडिया के नैतिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मीडिया को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए और सही दिशा में काम करना चाहिए।
विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो
.राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल युग में मीडिया की भूमिका समाज को जागरूक और शिक्षित करने में अत्यधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे मीडिया के सकारात्मक पहलुओं को अपनाएं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य करें।
इंडियन हैबिटेट सेंटर और एमसीयू भोपाल के पूर्व कुलगुरु प्रो.के.जी.सुरेश ने मीडिया के सामाजिक प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मीडिया को समाज की वास्तविकता को प्रतिबिंबित करना चाहिए और सकारात्मक बदलाव के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कई ऐतिहासिक प्रसंग और एआई के वर्चस्व की चर्चित घटनाओं के माध्यम से मीडिया के नकारात्मक एवं सकारात्मक प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने डीपफेक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा निर्मित कृत्रिम मीडिया और भविष्य की चुनौतियों के प्रति सचेत भी किया।
कुलसचिव प्रो.अजय रंगा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कॉन्फ्रेंस ने मीडिया और समाज के बीच के संबंधों पर गहन चर्चा को प्रोत्साहित किया है। उन्होंने भविष्य में भी मीडिया विभाग द्वारा ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
एनएचपीसी डायरेक्टर उत्तम लाल ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मीडिया और उद्योग के बीच समन्वय से समाज में विकास को बढ़ावा मिलता है। एनएचपीसी लिमिटेड इस कॉन्फ्रेंस का प्रमुख प्रायोजक रहा। उन्होंने भविष्य में भी विश्वविद्यालय के साथ समाज हित में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस कॉन्फ्रेंस ने मीडिया और समाज के बीच संवाद को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ने मीडिया, समाज और डिजिटल युग के परिप्रेक्ष्य में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा का एक मंच प्रदान किया। सभी अतिथियों के विचारों ने प्रतिभागियों को प्रेरित किया और उन्हें अपने भविष्य के कार्यों में मार्गदर्शन प्रदान किया।
राष्ट्रीय कांफ्रेंस के पैरलल सेशन प्रथम में सीसीएस मेरठ से आकाश कुमार ने इस सेशन में मेनेजमेंट और आधुनिक तकनीक पर चर्चा हुई। द्वितीय पैरलल सेशन में एमिटी यूनिवर्सिटी मानेसर से दीपिका द्वारा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में नवाचारों पर प्रकाश डाला गया। तृतीय पैरलल सेशन में स्किल यूनिवर्सिटी पटवाडी से डॉ.नकुल द्वारा कौशल विकास और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया। चतुर्थ पैरलल सेशन में नीरज और गुलशेखी ने भाग लिया। इस सेशन में विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए।
सहायक प्रोफेसर डॉ. राहुल आर्य ने कांफ्रेंस की रिपोर्ट प्रस्तुत की। डॉ.अखिलेश त्रिपाठी द्वारा मंच संचालन और अजय यादव ने धन्यवाद व्यक्त किया। इस आयोजन ने विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर ज्ञान और विचारों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।

No comments :