इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर घरेलू गैस (LPG) के बाद अब पेट्रोल-डीजल पर भी पड़ने लगा है। हिसार सहित फतेहाबाद के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल को लेकर दिक्कत शुरू हो गई है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि यदि रात तक डिपो से सप्लाई नहीं आई तो उनके पास पेट्रोल और डीजल की दिक्कत शुरू हो जाएगी। संचालकों का कहना है कि कंपनी के अधिकारी उनके फोन भी नहीं उठा रहे हैं, जिससे उन्हें सप्लाई संबंधी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
हरियाणा पेट्रोलियम एसोसिएशन के प्रदेश अध्य्क्ष संजीव चौधरी का कहना है कि कल के बाद हालातों में उतार चढ़ाव नजर आएगा।
फतेहाबाद में बीपीसीएल के पेट्रोल पंप पर डीजल पेट्रोल की सप्लाई मिलनी बंद हो गई है। पंप संचालक ललित मेहता ने बताया कि कंपनी की तरफ से हमें सप्लाई नहीं मिली। इसलिए अब ग्राहकों को भी पेट्रोल डीजल देना बंद कर दिया है।
सिर्फ इमरजेंसी कोटा रखा है। हालांकि, कंपनी ने आश्वासन दिया है कि कल तक गाड़ी भेज दी जाएगी। मेहता ने बताया कि रोजाना 22 हजार लीटर तेल की सप्लाई उनको मिलती है।
फतेहाबाद पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान गुरदीप सिंह ने बताया कि जिले में बीपीसीएल और एचपीसीएल के पंपों पर पर्याप्त सप्लाई नहीं आ रही है। दो तीन दिन तक गाड़ियां नहीं आ रही। इस कारण समस्या बढ़ी है। हालांकि, इंडियल ऑयल के पंपों पर अभी कोई दिक्कत नहीं है।

No comments :